Breaking
Fri. Mar 6th, 2026

टाटानगर रेलवे से जुड़ी समस्याओं को लेकर डीआरएम से मिला सिंहभूम चैम्बर का प्रतिनिधिमंडल*

जमशेदपुर।

सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष मानव केडिया के नेतृत्व में दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के प्रमंडलीय रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री तरुण हुरिया से उनके कार्यालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने टाटानगर रेलवे स्टेशन एवं उससे संबंधित विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान हेतु एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम को अवगत कराया कि टाटानगर होकर परिचालित सुपरफास्ट, एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनों को मालगाड़ियों को प्राथमिकता दिए जाने के कारण बार-बार रोका जाता है, जिससे ट्रेनों के आगमन में भारी विलंब हो रहा है। इसके कारण आम यात्रियों, बुजुर्गों, मरीजों, छात्रों एवं व्यापारियों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस पर डीआरएम ने बताया कि चक्रधरपुर मंडल में ट्रेनों का परिचालन अत्यधिक है, जबकि प्लेटफॉर्म एवं ट्रैक की उपलब्धता सीमित है। समस्या के समाधान के लिए रेलवे प्रशासन प्रयासरत है।

बैठक में वरिष्ठ नागरिकों, मरीजों एवं दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए टाटानगर स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म पर बैटरी कार सेवा उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया गया, जिस पर डीआरएम ने शीघ्र ही बैटरी कार सुविधा प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया।

चैम्बर ने औद्योगिक नगरी टाटानगर में यात्रियों की अधिक संख्या को देखते हुए सीट कोटा एवं वीआईपी कोटा बढ़ाने की मांग रखी। साथ ही हावड़ा–राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20871–20872) के परिचालन को झारसुगुड़ा तक बढ़ाने एवं पूर्व में घोषित टाटानगर–बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस को शीघ्र प्रारंभ करने का अनुरोध किया। नई ट्रेनों के परिचालन के संबंध में डीआरएम ने सुझाव दिया कि इसके लिए रेल मंत्रालय अथवा रेलवे बोर्ड से संपर्क किया जाना उपयुक्त रहेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने टाटानगर स्टेशन पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करने हेतु कुछ ट्रेनों का परिचालन एवं ठहराव आदित्यपुर स्टेशन से करने का सुझाव भी दिया। इस पर डीआरएम ने जानकारी दी कि आदित्यपुर स्टेशन से ट्रेनों के परिचालन का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जा चुका है, जिस पर अंतिम निर्णय बोर्ड द्वारा लिया जाएगा।

लंबी दूरी की प्रीमियम ट्रेनों जैसे राजधानी एवं दुरंतो में प्रतीक्षा सूची कम करने के उद्देश्य से अतिरिक्त वातानुकूलित चेयरकार कोच जोड़े जाने का भी सुझाव दिया गया।

दक्षिण-पूर्व रेलवे के अंतर्गत चक्रधरपुर से टाटानगर तक प्रस्तावित थर्ड लाइन निर्माण के संबंध में डीआरएम ने बताया कि इस कार्य के लिए प्रतिदिन न्यूनतम छह घंटे ट्रेनों का परिचालन रोकना आवश्यक होगा, इस कारण यह कार्य अप्रैल 2026 से प्रारंभ किए जाने की योजना है।

प्रतिनिधिमंडल ने हावड़ा–टाटानगर स्टील एक्सप्रेस के विलंब से आगमन की शिकायत भी की, जिस पर डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश देते हुए इस ट्रेन के आगमन में अनावश्यक विलंब न होने की बात कही।

चैम्बर ने टाटा पिगमेंट के समीप बने रेलवे अंडरब्रिज में बरसात के दौरान जलजमाव की समस्या की ओर भी ध्यान आकृष्ट कराया और इसके शीघ्र समाधान की मांग की।

इसके अतिरिक्त सिंहभूम चैम्बर ने यह प्रस्ताव रखा कि दक्षिण-पूर्व रेलवे का चक्रधरपुर मंडल फरवरी माह में जमशेदपुर में वेंडर मीट अथवा प्रदर्शनी का आयोजन करे। इस पर डीआरएम श्री तरुण हुरिया ने चैम्बर भवन में शीघ्र ही वेंडर मीट आयोजित करने की सहमति व्यक्त की।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (डीएमई) श्री राजीव रंजन एवं वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक (डीएमएम) श्री अश्वनी कुमार से भी भेंट कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की। साथ ही रेलवे उपभोक्ताओं की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने हेतु पूर्व की भांति ZRUCC एवं DRUCC में सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज को प्रतिनिधित्व प्रदान किए जाने की मांग भी की गई।

प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, अनिल मोदी, हर्ष बाकरेवाले, सचिव बिनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया, सौरव संघी (सन्नी), सीए पीयूष गोयल सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।

Related Post