Breaking
Thu. Jun 11th, 2026

तालाब किनारे शौच के लिए जा रहे युवक पर जंगली हाथी का हमला, गंभीर रूप से घायल

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत हुंडरू–पाथरडीह गांव के पास गुरुवार सुबह जंगली हाथी के हमले से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान 35 वर्षीय कोकिल सिंह के रूप में हुई है, जो शौच के लिए तालाब की ओर जा रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है। इसी दौरान अचानक सामने आए जंगली हाथी ने कोकिल सिंह को पटक दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आया। वन वनपाल राणा प्रताप महतो मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल नीमडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।

कोकिल सिंह हुंडरू–पाथरडीह गांव का ही निवासी है। वन विभाग की ओर से इलाज के लिए पीड़ित परिवार को फिलहाल पांच हजार रुपये की नगद सहायता दी गई है। वहीं, गांव के आसपास लगभग 15 हाथियों का झुंड मौजूद होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Related Post