Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट ने न्यायिक सेवा के अधिकारियों के बीच व्यापक स्तर पर तबादला और पदस्थापना परिवर्तन करते हुए नए प्रशासनिक आदेश जारी किए हैं। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सिविल जज (सीनियर डिवीजन) स्तर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर बैठे अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से नए पदस्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है। अदालत प्रशासन का मानना है कि यह बदलाव न्यायिक कार्य प्रणाली को और अधिक प्रभावी और सुचारू बनाएगा।
अधिसूचना के तहत रांची के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) चंदन का स्थानांतरण गोड्डा किया गया है, जबकि गोड्डा के सीजेएम शशि भूषण शर्मा को रांची का नया सीजेएम नियुक्त किया गया है। इन परिवर्तन को न्यायिक व्यवस्था में संतुलन और दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इसी क्रम में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) में भी बदलाव हुआ है। रांची DLSA के सचिव रवि कुमार भास्कर का तबादला नगर उंटारी (गढ़वा) कर दिया गया है और उन्हें जल्द से जल्द नया पदभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।
हाईकोर्ट द्वारा किए गए इन तबादलों को न्यायिक प्रशासन में सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जिससे राज्य में न्यायिक सेवाओं की गुणवत्ता और गति दोनों में सुधार की उम्मीद की जा रही है।

