Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

उलीडीह थाना क्षेत्र में ज़मीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर किया हमला, एक घायल

जमशेदपुर: उलीडीह थाना अंतर्गत देव विल्ला, चटाई कॉलोनी इलाके में ज़मीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया जिसमें दो पक्षों के बीच शनिवार दोपहर करीब 3 से 4 के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के रविंदर गौड़ पर हमला कर दिया जिससे रविंदर घायल हो गया। रविंदर के सर पर गंभीर चोटें आईं हैं।

ज़मीन विवाद से जुड़ा है पूरा मामला

पीड़ित रविंदर गौड़ ने बताया कि विवादित ज़मीन उन्होंने कई वर्ष पूर्व खरीदा था, जिसकी वैध कागज़ात उनके पास मौजूद हैं। लेकिन दूसरा पक्ष लगातार उस जमीन पर अपना दावा ठोंकते हुए विवाद खड़ा करता है। रविंदर गौड़ के अनुसार, इससे पूर्व में भी उन पर व उनके घर पर फायरिंग की भी घटना हो चुकी है, जिसकी लिखित शिकायत उन्होंने मानगो थाना, उलीडीह थाना, एसपी ऑफिस सहित उच्च प्रशासनिक अधिकारियों से की थी, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर उचित कार्रवाई नहीं हुई।

हमले की ताज़ा घटना

रविंदर गौड़ ने बताया कि शुक्रवार से विवादित जमीन पर दूसरे पक्ष द्वारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। जानकारी मिलते ही शनिवार को वह काम रुकवाने के लिए मौके पर पहुंचे, जहां पहले से मौजूद युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया।

हमलावरों ने बेल्ट, लाठी और लात-घूंसे से बेरहमी से हमला किया। घटना के दौरान करीब 6–7 लोग सीधे हमला करने में शामिल थे, जिसमें मुख्य आरोपियों के नाम निखिल गोप, सुरेश गोप, बैजनाथ गोप, सूर्य गोप सहित अन्य बताए जा रहे हैं।

20-30 लोगों की भीड़ और धमकी का आरोप

रविंदर गौड़ का आरोप है कि पिछले कई दिनों से इस जमीन के आसपास 20–30 लोग अवैध रूप से शराब पीते हैं और अड्डेबाजी करते हैं, जिनमें कई असामाजिक तत्व शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन लोगों ने उन्हें एवं उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है, और यह भी कहा कि परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

पुलिस कार्रवाई की मांग

पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए, हमलावरों को गिरफ्तार किया जाए और उनकी व उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Related Post