Breaking
Wed. Aug 26th, 2026

आदित्यपुर में महिला की बहादुरी से मोबाइल स्नैचर पकड़ा गया, लोगों ने बाधकर की पिटाई

आदित्यपुर।सरायकेला-खरसावां जिला में शनिवार को आदित्यपुर थाना क्षेत्र के हरिओमनगर में मोबाइल छीनकर फरार होने की कोशिश कर रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस पूरी घटना में सबसे बड़ी बहादुरी उस महिला की रही, जिसने न सिर्फ अपने मोबाइल को बचाया बल्कि आरोपी को गिराकर भागने से रोक भी दिया।

घटना उस वक्त हुई जब महिला सड़क किनारे खड़ी होकर मोबाइल पर बातचीत कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक अचानक वहां पहुंचा और उसका फोन छीनकर भागने लगा। महिला ने मौके की नजाकत को समझते हुए साहस दिखाया और दौड़कर आरोपी को धक्का दे दिया। धक्का लगते ही युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा।

महिला की चीख-पुकार सुनते ही आसपास के राहगीर मौके पर जुट गए और आरोपी को खंभे से बांध लिया। भीड़ ने उसे जमकर धुनाई कर दी। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर थाने लेकर गई। पुलिस ने उसकी बाइक भी जब्त कर ली है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक यह युवक पिछले कई दिनों से इलाके में महिलाओं और युवतियों की रेकी करता दिखाई देता था और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार को भी वह पहले एक महिला का पर्स झपटने की कोशिश कर चुका था, लेकिन सफल नहीं हो पाया। इसके कुछ ही देर बाद उसने इस घटना को अंजाम देने की कोशिश की, जिसमें वह रंगे हाथ पकड़ा गया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून को हाथ में न लें।

Related Post