चाईबासा: जापान कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया (जेकेएआई) के तत्वावधान में इंटर स्टेट स्कूल ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप का आयोजन कोटला विजय भास्कर रेड्डी इंडोर स्टेडियम, यूसुफगुड़ा, हैदराबाद, तेलंगाना में किया गया। चार दिनों तक चली इस चैंपियनशिप में झारखंड के छह कराटे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और कुल आठ पदक अपने नाम किए। इनमें तीन स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं।
चैंपियनशिप में 18 वर्ष से कम आयु के स्कूली कराटे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता को तीन कैटेगरी में बांटा गया था। पहली कैटेगरी में कक्षा एक से पांच, दूसरी में कक्षा छह से आठ और तीसरी कैटेगरी में कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं को शामिल किया गया। प्रतियोगिता के साथ राष्ट्रीय स्तरीय प्रशिक्षण शिविर, ब्लैक बेल्ट डिप्लोमा और टेक्निकल लाइसेंस परीक्षा का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जापान से आए सातवीं डॉन ब्लैक बेल्ट सिहान ताकुया तानियामा, चौथी डॉन ब्लैक बेल्ट जापान सेंसाई वाई. हाकीजुमे और जेकेएआई इंडिया के मुख्य कराटे प्रशिक्षक सातवीं डॉन ब्लैक बेल्ट जापान सिहान आनंद रत्ना ने किया। चार दिवसीय आयोजन में तीन दिनों तक राष्ट्रीय स्तरीय कराटे प्रशिक्षण शिविर भी चला।
झारखंड टीम की ओर से 11 वर्ष से कम बालक जूनियर कलर बेल्ट कुमीते वर्ग में संत जेवियर बालक विद्यालय चाईबासा के कृष्णा सवैंया ने कांस्य पदक जीता। 11 वर्ष से कम बालिका जूनियर कलर बेल्ट कुमीते वर्ग में संत जेवियर्स इंग्लिश स्कूल चाईबासा की एंजेल सरदार ने रजत पदक हासिल किया।
17 वर्ष से कम बालक ब्राउन एवं ब्लैक बेल्ट काता वर्ग में संत जेवियर्स हाई स्कूल प्लस टू लुपुंगुटू चाईबासा के लॉरेंस पूर्ति ने कांस्य और कुमीते वर्ग में रजत पदक जीता। 18 वर्ष से कम बालक ब्राउन एवं ब्लैक बेल्ट काता वर्ग में मधुसूदन पब्लिक स्कूल चक्रधरपुर के आयुष सरदार ने स्वर्ण और कुमीते में कांस्य पदक प्राप्त किया। 18 वर्ष से कम बालिका ब्राउन एवं ब्लैक बेल्ट काता वर्ग में संत जेवियर बालिका हाई स्कूल प्लस टू चाईबासा की भाविनी कुमारी ने काता और कुमीते दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीते।
टीम की सफलता पर संत जेवियर बॉयज स्कूल के प्रधानाध्यापक सह संत जेवियर ऑडिटोरियम हॉल के डायरेक्टर फादर युजिन एक्का, जेकेएआई झारखंड के अध्यक्ष सेंसाई पंकज कुमार सिंह, महासचिव डॉक्टर सेंसाई अमरेश अनीष, उपाध्यक्ष इरशाद अली, पूर्व केंद्र के इंचार्ज राकेश तिग्गा सहित सभी पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों ने खुशी जताते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। इसकी जानकारी जेकेएआई झारखंड के अध्यक्ष सह प्रमुख कराटे प्रशिक्षक सेंसाई पंकज कुमार सिंह ने दी।

