Breaking
Wed. Aug 26th, 2026

121 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, स्विफ्ट डिजायर कार और दो मोबाइल जब्त

मेदिनीनगर। पलामू पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 121 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ गांजा की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट डिजायर कार, दो नंबर प्लेट और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त की रात गुप्त सूचना मिली थी कि लातेहार जिले के मनिका की ओर से एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में भारी मात्रा में गांजा लादकर डाल्टनगंज की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई शुरू की गई। परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय गोप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। वाहन में दो लोग सवार मिले। पूछताछ में उनकी पहचान सतबरवा थाना क्षेत्र के झाबर गांव निवासी सनोज कुमार यादव उर्फ बाबू और शम्भू कुमार यादव के रूप में हुई।

पुलिस ने कार की तलाशी के दौरान डिक्की और आगे की सीट के नीचे बाईं तरफ छिपाकर रखा गया कुल 121 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसके अलावा वाहन से दो नंबर प्लेट और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में सनोज कुमार यादव उर्फ बाबू की उम्र करीब 25 वर्ष है। वह मोहन यादव का पुत्र है। वहीं दूसरे आरोपी शम्भू कुमार यादव की उम्र करीब 30 वर्ष है और वह भोलानाथ यादव का पुत्र है। दोनों झाबर गांव, थाना सतबरवा, जिला पलामू के रहने वाले बताए गए हैं।

कार्रवाई में परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय गोप, सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सुजीत रजक समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Post