गम्हरिया।सरायकेला–खरसावाँ के उपायुक्त के निर्देश पर मंगलवार को उत्पाद विभाग द्वारा गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उकाम में छापामारी अभियान चलाया गया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में अवैध रूप से संचालित एक चुलाई भट्टी को ध्वस्त किया गया। साथ ही लगभग 400 किलोग्राम जावा को नष्ट किया गया तथा 35 लीटर तैयार महुआ चुलाई शराब जब्त की गई।इस दौरान अवैध भट्टी संचालक सोनाराम मुर्मू को घटनास्थल से गिरफ्तार किया गया। उनके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वाद दर्ज करने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।उत्पाद अधीक्षक, सरायकेला ने बताया कि जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर पूर्ण नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नियमित रूप से छापामारी अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे गैरकानूनी कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।इस कार्रवाई में उत्पाद विभाग, आदित्यपुर अंचल के अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सौदागर पंडित, गृह रक्षक बल के सदस्य बरियार हेंब्रम, रंजीत कुमार तथा अन्य कर्मी शामिल थे।

