Breaking
Sat. Dec 6th, 2025

गम्हरिया में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मानसिक तनाव में था मृतक

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत गम्हरिया के शांतिनगर में सोमवार शाम एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 28 वर्षीय शंभु सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से पेंटर था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, शंभु सिंह अपने घर में अकेले रहता था, जबकि उसकी दोनों बहनें हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर उसका पड़ोसियों से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद उसने शराब पी और अपने कमरे में चला गया। देर शाम तक जब दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों ने झांककर देखा कि वह फंदे से झूल रहा है।

स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और गम्हरिया स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के मौसा कमलेश सिंह ने बताया कि शंभु पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था और अक्सर अकेले रहता था।

थाना प्रभारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

Related Post