Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

मझगांव में 17 वर्षीय युवक की हत्या, शव मनरेगा डोभा से बरामद

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र के सिल्फोली टोला गाडासाई गांव में गुरुवार को एक 17 वर्षीय युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। हत्यारों ने हत्या के बाद शव को मनरेगा योजना के तहत बनाए गए डोभा में फेंक दिया। मृतक की पहचान सिल्फोली गांव निवासी लवसन दिग्गी (पिता – देवेंद्र दिग्गी) के रूप में हुई है।

मृतक के बड़े भाई संजय दिग्गी ने बताया कि गुरुवार तड़के करीब साढ़े चार बजे उनके पड़ोस में रहने वाले रिश्ते के चाचा घर आए और लवसन को अपने साथ बुलाकर ले गए। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने पूरे दिन उसकी खोजबीन की, जिसमें वह कथित चाचा भी शामिल था जिसने युवक को बुलाया था।

रात करीब 11 बजे जब परिजन और ग्रामीण खोजते हुए मनरेगा डोभा के पास पहुंचे तो पानी में लवसन की चप्पल तैरती दिखाई दी। पास जाकर देखने पर डोभा के भीतर उसका शव पड़ा मिला। रात अधिक होने के कारण शव को नहीं निकाला जा सका।

शुक्रवार सुबह मझगांव थाना को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपेंद्र नारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। जांच के दौरान युवक के सिर और दाहिने कान के पास चोट के निशान पाए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि लवसन को घर से बुलाने वाला कथित चाचा घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी उपेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में यह भी जानकारी मिली है कि मृतक को मिर्गी की बीमारी थी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

Related Post