Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

सारंडा वन क्षेत्र में भीषण मुठभेड़ में भारी मात्रा में हथियार-गोला बारूद बरामद

चाईबासा।पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा वन क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। 6 नवंबर 2025 को जराईकेला थाना क्षेत्र के कुलापू बुरू इलाके में पुलिस बल और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और नक्सली साहित्य बरामद किया है।

बरामद सामग्रियों में दो एस.एल.आर. राइफल, एक .303 राइफल, 37 जीवित ए.के.-47 कारतूस, 78 एस.एल.आर. कारतूस, 130 .303 कारतूस, 7.62 मिमी मैगजीन, एस.एल.आर. और .303 की मैगजीन, 16.68 किलोग्राम जिलेटिन पैकेट, 13 तैयार जिलेटिन आईईडी, इलेक्ट्रिक और नॉन-इलेक्ट्रिक डिटोनेटर, पांच रेडियो सेट, दो इंटरसेप्टर, 24 सिरिंज, 20 प्लास्टिक पाइप, दो लैपटॉप (एएसयूएस और लेनोवो), 11 एफएम रेडियो और अन्य कई सामग्रियां शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान नक्सलियों के ठिकानों से प्राप्त सामग्रियों से यह स्पष्ट है कि वे बड़े पैमाने पर विस्फोट की साजिश रच रहे थे। सुरक्षा बलों की तत्परता से यह योजना विफल कर दी गई।

शुक्रवार को झारखंड पुलिस ने कहा है कि सारंडा क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है और नक्सलियों के समूल उन्मूलन तक अभियान नहीं रोका जाएगा।

Related Post