Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

आरपीएफ ने मालगाड़ी से चावल चोरी करने वाले युवक को किया गिरफ्तार — तीन आरोपी फरार

चक्रधरपुर।पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गुरुवार को मालगाड़ी से चावल की बोरियां चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान दंदासाई निवासी मोहम्मद अशरफ के रूप में हुई है, जबकि उसके तीन सहयोगी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। आरपीएफ उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

घटना दंदासाई इलाके के वेस्ट केबिन आउटर के पास की है, जहां आरोपियों ने एक खड़ी मालगाड़ी को निशाना बनाया था। आरपीएफ के अनुसार, मोहम्मद अशरफ और उसके साथियों ने पहले ट्रेन की रेकी की, फिर वैगन पर चढ़कर दरवाजे की सील तोड़ दी। इसके बाद उन्होंने करीब 20 से 25 बोरी चावल नीचे फेंक दी और उन्हें पास की झाड़ियों में छिपा दिया। ट्रेन आगे बढ़ते ही आरोपी बोरियां निकालकर अपने ठिकाने पर ले गए।

मामले की जानकारी मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान मोहम्मद अशरफ के घर से दो बोरी चावल बरामद हुई, जबकि अब तक कुल 20 बोरियां चावल की बरामदगी की जा चुकी है। सोमवार को हुई यह चोरी चक्रधरपुर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई थी, जिस पर आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।

छापेमारी अभियान का नेतृत्व चक्रधरपुर आरपीएफ पोस्ट प्रभारी कमलेश सोरेन ने किया। अभियान में सीआईबी इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारी और जवान शामिल थे। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि फरार तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Post