जमशेदपुर। उलीडीह डिमना रोड के संकोसाई रोड नंबर 1 स्थित दुर्गा मंदिर के पास बुधवार सुबह एक आवारा सांड के हमले में ठेला चालक आजादी साहू (66) गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, आजादी साहू रोज की तरह सुबह अपना ठेला लेकर काम पर निकल रहे थे, तभी अचानक पीछे से आए सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड के सींग लगने से उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया और घायल को सहायता पहुंचाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उनका बेटा शंकर साहू मौके पर पहुंचा और लोगों की मदद से उन्हें एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई है, हालांकि उन्हें निगरानी में रखा गया है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से इस इलाके में आवारा सांड घूमते रहते हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को जल्द से जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

