नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सियासी हलचल मचा दी। ‘एच फाइल्स’ शीर्षक से आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर बड़े स्तर पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र के साथ सीधा छल है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने देश की जनता से खुलेआम झूठ बोला है।
राहुल गांधी ने कहा, “मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का बयान पूरी तरह झूठा है। उन्होंने दावा किया कि जिन लोगों के पास घर नहीं हैं, उनके लिए मकान नंबर ‘जीरो’ दर्ज किया जाता है। लेकिन हमने जब इसकी जांच कराई, तो पाया कि यह बहाना सिर्फ गड़बड़ी छिपाने के लिए दिया गया था। हमने क्रॉस चेक किया है, और सच्चाई यह है कि बड़ी संख्या में फर्जी वोटर बीजेपी के समर्थन में दर्ज किए गए।”
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा में एक ही व्यक्ति का नाम अलग-अलग वोटर लिस्टों में पाया गया। “दालचंद नाम का व्यक्ति यूपी में भी वोटर है, हरियाणा में भी, और उसका बेटा दोनों जगह बीजेपी को वोट करता है। मथुरा के सरपंच प्रह्लाद का नाम भी कई जगहों पर वोटर लिस्ट में मौजूद है,” राहुल गांधी ने आरोप लगाया।
राहुल गांधी ने बताया कि एक बूथ पर एक ही महिला का नाम 223 बार दर्ज पाया गया। उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग को बताना चाहिए कि उस महिला ने कितनी बार वोट किया। सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर दिया गया, क्योंकि उसमें सच्चाई सामने आ जाती। एक लड़की ने 10 जगह वोटिंग की, जबकि एक अन्य महिला के नाम पर नौ जगह वोट डाले गए। यह सब बीजेपी को फायदा पहुंचाने के लिए किया गया।”
उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में करीब 25 लाख फर्जी वोटर पाए गए, जो कुल वोटों का लगभग आठवां हिस्सा है। राहुल गांधी ने कहा, “हरियाणा में पांच कैटेगरी में यह गड़बड़ी की गई। इनमें से 5 लाख 21 हजार से ज्यादा वोटर डुप्लीकेट पाए गए। कुल मिलाकर हर आठ में से एक वोट फर्जी था। यह साफ दिखाता है कि कैसे बीजेपी ने संगठित तरीके से लोकतंत्र की चोरी की।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने एक युवती की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि यह महिला 22 जगहों पर अलग-अलग नाम—कहीं सीमा, कहीं सरस्वती—से वोट डाल चुकी है। “यह ब्राजील की महिला हरियाणा की वोटर लिस्ट में क्या कर रही थी? यह सिर्फ गलती नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश है,” उन्होंने कहा।
राहुल गांधी ने देश की जनता, खासकर युवाओं से अपील करते हुए कहा कि “यह वोट चोरी जेन-ज़ी को देखनी चाहिए। लोकतंत्र को बचाने के लिए अब हर नागरिक को सतर्क रहना होगा, क्योंकि सत्ता के लालच में बीजेपी ने चुनाव की विश्वसनीयता ही खत्म कर दी है।”
कांग्रेस ने अपनी आधिकारिक एक्स पोस्ट में प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले लिखा था—“हाइड्रोजन बम लोडिंग।” राहुल गांधी के आरोपों के बाद यह राजनीतिक ‘हाइड्रोजन बम’ अब चुनावी माहौल में बड़ा धमाका करता नजर आ रहा है।

