Breaking
Sun. Apr 19th, 2026

गम्हरिया सरकारी गोदाम अग्निकांड में एजीएम अभिषेक हाजरा की मौत, विभाग में शोक की लहर

आदित्यपुर। सरायकेला जिले के गम्हरिया प्रखंड स्थित सरकारी अनाज गोदाम में हुए भीषण अग्निकांड में झुलसे एजीएम अभिषेक हाजरा की मंगलवार को मौत हो गई। टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) के बर्न यूनिट में पिछले कई दिनों से उनका इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया और पूरे खाद्य आपूर्ति विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

गौरतलब है कि बीते मंगलवार को गम्हरिया प्रखंड परिसर स्थित जेएफसी सरकारी अनाज गोदाम में अचानक आग लग गई थी। आग की सूचना मिलते ही एजीएम अभिषेक हाजरा और गोदाम कर्मी राजू सेनापति मौके पर पहुंचे थे, लेकिन दोनों ही लपटों की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसने के बाद दोनों को तत्काल टीएमएच भेजा गया था। सोमवार को राजू सेनापति की मौत हो गई थी, जबकि मंगलवार को अभिषेक हाजरा ने भी जिंदगी की जंग हार दी।

दोनों की मौत के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। वहीं, पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने की वास्तविक वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच टीम मौके से सबूत इकट्ठा कर रही है और रिपोर्ट का सभी को इंतजार है। लगातार दो अधिकारियों की मौत से विभाग के कर्मचारी गहरे सदमे में हैं, जबकि परिजन न्याय और पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं।

Related Post