चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात ग्रामीणों की सजगता से अवैध मवेशी तस्करी का मामला उजागर हुआ। नेशनल हाईवे पर पाटा टोल प्लाजा के पास करीब आधी रात 12 बजे ग्रामीणों ने संदिग्ध रूप से मवेशी लदी एक पिकअप वैन को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 12 मवेशी पाए गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वैन को अपने कब्जे में ले लिया, हालांकि चालक और उसका एक सहयोगी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मवेशियों को अवैध तरीके से जमशेदपुर की ओर ले जाया जा रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वाहन में लदे 12 मवेशियों में से तीन की मौत हो चुकी थी, एक मवेशी गंभीर रूप से बीमार पाया गया, जबकि आठ मवेशी सुरक्षित हैं। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों—कालू सोरेन, मगलू कालिंद, शुक्रो सोरेन, शर्मा प्रणामीक और मधु मोदक—ने बताया कि इस मार्ग से अक्सर रात के अंधेरे में मवेशियों की अवैध तस्करी की जाती है।
ग्रामीणों की मांग है कि पुलिस ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई करे और नियमित गश्त बढ़ाए। इस बीच प्रशासन ने भी अवैध मवेशी परिवहन पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने की घोषणा की है।

