Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

सखुआ जंगल के पास चली गोली, बीच-बचाव करने पहुंचे कारू रावत की मौत

देवघर : जिले के कुंडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात सखुआ जंगल के पास हुई गोलीबारी में करणी बाग निवासी 40 वर्षीय कारू रावत की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सखुआ जंगल के पास दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था। विवाद की सूचना मिलते ही कारू रावत मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास करने लगे। लेकिन बात बिगड़ती चली गई और अचानक वहां मौजूद कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली कारू रावत की छाती में लग गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल कारू रावत को देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने के कारण कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की खबर फैलते ही अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। उनकी पत्नी रीना देवी ने आरोप लगाया है कि अज्ञात अपराधियों ने साजिश के तहत उनके पति की हत्या की है।

सूचना मिलते ही कुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की है और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।

Related Post