Breaking
Tue. Aug 25th, 2026

धातुकर्म एवं पदार्थ विज्ञान क्विज में लिटिल फ्लावर स्कूल ने मारी बाजी, डीएवी बिष्टुपुर दूसरे स्थान पर

जमशेदपुर। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेटल्स (आईआईएम) जमशेदपुर चैप्टर की ओर से सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर के सहयोग से 14वें वार्षिक धातुकर्म एवं पदार्थ क्विज IIMJsr AM2Q-2026 का आयोजन मंगलवार को सीएसआईआर-एनएमएल परिसर में किया गया। प्रतियोगिता में शहर के 36 विद्यालयों से करीब 180 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। क्विज के दौरान विद्यार्थियों ने धातुकर्म, पदार्थ विज्ञान और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए अपनी विषयगत समझ, वैज्ञानिक सोच और त्वरित निर्णय क्षमता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक डॉ. गौतम सूत्रधार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी और आईआईएम जमशेदपुर चैप्टर के चेयरमैन डॉ. अतनु रंजन पाल की भी विशेष उपस्थिति रही। डॉ. संदीप घोष चौधरी ने स्वागत संबोधन में प्रतिभागी विद्यार्थियों और विद्यालयों का स्वागत किया। इसके बाद डॉ. अतनु रंजन पाल ने आईआईएम जमशेदपुर चैप्टर की ओर से संचालित विभिन्न गतिविधियों और शैक्षणिक पहलों की जानकारी दी।

मुख्य अतिथि डॉ. गौतम सूत्रधार ने विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति जिज्ञासु बनने और नई तकनीकों को समझने के लिए लगातार प्रयास करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ उन्हें भविष्य में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं।

प्रतियोगिता के स्क्रीनिंग राउंड में 36 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें प्रदर्शन के आधार पर पांच विद्यालयों की टीमें अगले चरण में पहुंचीं। इनमें लिटिल फ्लावर स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल बिष्टुपुर, बाल्डविन फार्म्स एरिया हाई स्कूल, हिल टॉप स्कूल और जमशेदपुर पब्लिक स्कूल की टीमें शामिल थीं। इसके बाद विभिन्न चरणों में विद्यार्थियों से धातुकर्म एवं पदार्थ विज्ञान सहित विज्ञान से जुड़े सवाल पूछे गए।

अंतिम चरण में लिटिल फ्लावर स्कूल के दिव्यांश मनोमय और सयानवो चंदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। डीएवी पब्लिक स्कूल जमशेदपुर की आयुषी अंशु और आर्णा चटर्जी की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि बाल्डविन फार्म्स एरिया स्कूल के सौर्याश प्रमाणिक और आयुष्मान घोष ने तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली शीर्ष तीन टीमें अब आईआईएम जमशेदपुर चैप्टर का प्रतिनिधित्व प्रो. ब्रह्म प्रकाश मेमोरियल मैटेरियल्स क्विज में करेंगी। यह प्रतियोगिता 18 और 19 सितंबर 2026 को कलपक्कम में आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम का समन्वय सीएसआईआर-एनएमएल के वैज्ञानिक-डी डॉ. एम. धनुंजय राव और वैज्ञानिक-ई ललित कुमार मीणा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में आईआईएम जमशेदपुर चैप्टर और सीएसआईआर-एनएमएल के सदस्यों, स्वयंसेवकों तथा सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, विद्यालयों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।

Related Post