Breaking
Wed. Aug 26th, 2026

धनबाद में मां-बेटे के सड़े-गले शव मिले, गांव में फैली सनसनी

धनबाद। बलियापुर थाना क्षेत्र के प्रधानखंता पंचायत स्थित चरकी डूंगरी टोला में शनिवार की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। एक ही घर से मां और बेटे के सड़े-गले शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान 52 वर्षीय नोमो गोराई और उनके 32 वर्षीय बेटे कालीपद गोराई के रूप में हुई है। दोनों कई दिनों से घर से बाहर नहीं निकले थे।

ग्रामीणों ने बताया कि घर से तेज दुर्गंध आने के बाद लोगों को अनहोनी का शक हुआ। सूचना मिलते ही बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर के अंदर का दृश्य भयावह था — नोमो गोराई का शव आंगन में पड़ा था जबकि बेटे कालीपद गोराई का शव चौकी पर मिला। दोनों शवों से सड़ांध फैल चुकी थी और पूरा टोला बदबू से भर गया था। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेज दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, कालीपद गोराई कुछ समय से बीमार चल रहा था और सब्जी बेचकर जीवनयापन करता था। वह अविवाहित था और मां के साथ ही रहता था। आशंका जताई जा रही है कि बीमारी के कारण उसकी मौत हो गई होगी, और बेटे की मौत का सदमा मां नोमो गोराई सहन नहीं कर सकीं, जिससे उनकी भी मृत्यु हो गई। परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर बताई जा रही है।

थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार ने बताया कि घर का मुख्य और पिछला दरवाजा दोनों अंदर से बंद थे, जिससे हत्या की संभावना फिलहाल कम लगती है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Post