रांची। बुंडू थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह रांची-टाटा नेशनल हाईवे-33 पर एक सवारी वाहन के पलटने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 यात्री घायल हो गए। यह सभी लोग अड़की प्रखंड के बिरड़ीह गांव से बुंडू के ताऊ मैदान में आयोजित आदिवासी जनाक्रोश रैली में शामिल होने जा रहे थे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सवारी वाहन तेज रफ्तार में टाटा की ओर से आ रही एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी आगे का टायर अचानक ब्लास्ट हो गया। नियंत्रण बिगड़ने पर वाहन बस से हल्की टक्कर खाकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। देखते ही देखते स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर से चीख-पुकार गूंज उठी।हादसे की सूचना मिलते ही बुंडू एसडीपीओ ओमप्रकाश, एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा, थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा और दशम फॉल थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल पंद्रह यात्रियों को रिम्स रांची रेफर किया गया है।एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा ने पुष्टि की कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है और वाहन ओवरलोड था। उन्होंने कहा कि प्रशासन अब ओवरलोड गाड़ियों पर सख्त कार्रवाई करेगा।घटना की गंभीरता को देखते हुए बुंडू के ताऊ मैदान में आयोजित आदिवासी जनाक्रोश रैली को स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन मृतकों की पहचान और घायलों की स्थिति की जांच में जुटा है। ग्रामीणों के अनुसार, वाहन में महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल थे, जो रैली में हिस्सा लेने निकल रहे थे। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

