सरायकेला। भारतीय जनता पार्टी पर आदिवासियों को भ्रमित करने और दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को सरायकेला के गैरेज चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और स्थानीय विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन का पुतला फूंका। कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने की
इस मौके पर ईचागढ़ विधायक सविता महतो, गणेश चौधरी, गणेश महाली, हरि लोहार, भोला मोहंती, शंभु आचार्य, लीटू पटनायक, विशु हेंब्रम, सुधीर महतो और डब्बा सोरेन समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
पुतला दहन के बाद झामुमो की ओर से सरायकेला सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने कहा कि भाजपा झारखंड को अस्थिर करने की साजिश में लगी हुई है, जबकि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य के आदिवासी और मूलवासी एकजुटता और भाईचारे के साथ खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा भोलेभाले आदिवासियों को गुमराह कर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रही है, जिसे झामुमो किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगा।
वहीं, झामुमो नेता गणेश महाली ने भाजपा पर घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में हार की आशंका से बौखलाहट का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी आसन्न हार को भांपकर ट्रैफिक व्यवस्था के बहाने सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। महाली ने कहा कि जब चंपई सोरेन परिवहन मंत्री थे, तब उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जबकि वर्तमान मंत्री दीपक बिरुआ इस दिशा में प्रभावी कार्य कर रहे हैं।
महाली ने दोहराया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा राज्य के विकास और स्थिरता के प्रति प्रतिबद्ध है और भाजपा को उसके मंसूबों में कभी सफल नहीं होने देगी।

