Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

कदमा में 20 लाख की डकैती का पर्दाफाश, तीन कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के रामनगर रोड नंबर-2 में 9 अक्टूबर की शाम हुई करीब 20 लाख रुपये की डकैती की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। विशेष जांच दल (SIT) ने इस मामले में तीन कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के वादी दीप राज दास के अनुसार, 7 से 8 हथियारबंद बदमाश उनके घर में जबरन घुस आए थे और परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बनाकर सोने-चांदी के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए थे।

पुलिस अधीक्षक (शहर) के नेतृत्व में गठित SIT टीम ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर जांच करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान गुड्डू पाजी उर्फ श्रवण कुमार निर्मलकर (लोको कॉलोनी, मछुआ बस्ती, परसुडीह), विजय उर्फ विशाल सवैया (सोमाय झोपड़ी, बागबेड़ा) और शिवम कालिंदी (धालभूमगढ़) के रूप में की गई है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में प्रयुक्त एक बुलेट मोटरसाइकिल (JH-05DZ-5810) भी जब्त की है।

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। इससे पहले SIT इस कांड में शामिल पांच अन्य अपराधियों को जेल भेज चुकी है। शेष फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का सफाया करने का दावा किया गया है।

Related Post