Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

अर्पण’ ने स्वर्णरेखा नदी तट पर लगाया सेवा शिविर, श्रद्धालुओं को दी निःशुल्क पूजन सामग्री

जमशेदपुर: छठ महापर्व के पावन अवसर पर मंगलवार को ‘अर्पण परिवार’ ने प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वर्णरेखा नदी तट पर भव्य सेवा शिविर का आयोजन किया। श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा को ध्यान में रखते हुए शिविर में विविध आवश्यक पूजन सामग्रियों — गाय का शुद्ध दूध, घी, दिया, बाती, कपूर, अगरबत्ती, माचिस, हवन सामग्री, आम की लकड़ी, दातुन एवं पुआल — का निःशुल्क वितरण किया गया।

सेवा भावना से ओतप्रोत इस शिविर में श्रद्धालुओं के बीच शुद्ध देसी घी से निर्मित हलुआ प्रसाद के रूप में वितरित किया गया, जिसका लाभ हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ ग्रहण किया।

संध्या अर्घ्य के उपरांत ‘अर्पण परिवार’ द्वारा सभी श्रद्धालुओं और सदस्यों के लिए सामूहिक रात्रि भोजन का भी विशेष प्रबंध किया गया, जिसमें खिचड़ी, खीर, सब्जी और चटनी का प्रसाद परोसा गया।

छठी मैया की आराधना और सेवा के इस अवसर पर ‘अर्पण परिवार’ के सदस्यों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे आगे भी समाजसेवा और धार्मिक अनुष्ठानों में सक्रिय रूप से योगदान देते रहेंगे।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे — बिभास मजूमदार, घनश्याम भीरभरिया, सौरभ चटर्जी, टॉबी पाजी, कौशिक प्रसाद, रौनक शुक्ला, कंचन बाग, गणपत नाग, मनोज हालदार, गौतम मोदक, मन्नू ढोके, शुरू पात्रो, पिंटू भीरभरिया, दर्शन, रामा राव, लखीकांतो घोष, आकाश गोप सहित अर्पण परिवार के अनेक सदस्य।

अर्पण परिवार व अन्य सभी सेवा शिविरों के इस सराहनीय कार्य की जमशेदपुरवासियों ने भरपूर प्रशंसा की।

Related Post