जमशेदपुर, 27 अक्टूबर: शहर में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान सीतारामडेरा फायरिंग कांड का मुख्य आरोपी गोपाल गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
डीएसपी भोला प्रसाद ने प्रेस को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हरेराम सिंह के घर के बाहर फायरिंग करने वाला आरोपी गोपाल सिदगोड़ा इलाके में छिपा है। सूचना के आधार पर डीएसपी भोला प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही गोपाल ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें गोपाल के दाहिने पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी को पुलिस ने एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्तौल, तीन गोली के खोखे और तीन पिलेट बरामद किए हैं।
डीएसपी भोला प्रसाद ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद हरेराम फायरिंग कांड से जुड़े अन्य अपराधियों और साजिशकर्ताओं का खुलासा होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस उसकी पूरी नेटवर्क की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

