जमशेदपुर। साकची थाना पुलिस ने अपनी त्वरित कार्रवाई से मोबाइल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चंद घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल चार चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें पीड़ित बहादुर अली का फोन भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ जिला के चितरपुर निवासी बहादुर अली 25 अक्टूबर की रात साकची बाजार पहुंचे थे। भीड़भाड़ के दौरान उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया। घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और तकनीकी निगरानी के साथ-साथ गुप्त सूचना के आधार पर सुराग जुटाए।
जांच के दौरान पुलिस ने पुरूलिया जिला के कांटाडीह निवासी दुर्गा सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए चोरी किए गए मोबाइल फोनों के ठिकाने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चार मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस अब आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि चोरी की वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था या आरोपी अकेले ही अपराध को अंजाम देता था। साकची पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

