पलामू | लोक आस्था के पर्व छठ के खरना के दिन सोन नदी में डूबे तीन युवकों के शव सोमवार को बरामद कर लिए गए। गोताखोरों की टीम ने दिनभर चली तलाश के बाद अंकुश पासवान (22) निवासी शेरघाटी, बिहार और आदर्श चंद्रवंशी (22) निवासी इटवा, नवीनगर, बिहार का शव बरवाडीह गांव के सामने सोन नदी से निकाला, जबकि रजनीश चंद्रवंशी (23) निवासी पोखराही का शव डूमरहत्था गांव के पास से बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार को खरना स्नान के दौरान तीनों युवक सोन नदी में नहाने गए थे। इसी बीच वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। स्थानीय गोताखोरों और प्रशासनिक टीम ने देर रात तक खोज अभियान चलाया, लेकिन सफलता सोमवार सुबह मिली।
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद के एसडीपीओ एस. मोहम्मद याक़ूब, अंचल अधिकारी पंकज कुमार, थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी और दंगवार ओपी प्रभारी सोनू कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे अभियान की निगरानी की। शव बरामद होने के बाद उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया जारी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पोखराही और आसपास के इलाकों में शोक की लहर है। ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल और अस्पताल परिसर में जुटी रही। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है।

