चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल में लगातार घट रही घटनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी जितेंद्र नाथ ओझा ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि अस्पताल की लापरवाही और बदइंतज़ामी अब जानलेवा रूप ले चुकी है।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ब्लड बैंक की गंभीर त्रुटि के कारण थैलेसीमिया से पीड़ित पाँच से छह बच्चों में एचआईवी संक्रमण की पुष्टि हुई थी। वहीं शनिवार की रात अस्पताल की तीसरी मंज़िल से एक मरीज के कूदकर आत्महत्या करने की घटना ने चिकित्सा व्यवस्था पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं।
ओझा ने कहा कि यह घटनाएँ दर्शाती हैं कि अस्पताल में न तो पर्याप्त चिकित्सकीय निगरानी है और न ही मरीजों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था। उन्होंने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जैसे जिले में, जहाँ कुपोषण और संक्रामक बीमारियों की स्थिति पहले से गंभीर है, वहाँ स्वास्थ्य सेवाओं का इस स्तर पर चरमराना बेहद चिंताजनक है।
भाजपा ने सरकार से मांग की है कि एचआईवी संक्रमण और आत्महत्या दोनों मामलों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा सदर अस्पताल की समग्र व्यवस्था की समीक्षा कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

