Breaking
Sun. Apr 19th, 2026

गोलमुरी में देर रात फायरिंग से मचा हड़कंप, आपसी रंजिश में चली गोलियां,एक घायल, पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात करीब 9 बजे हुई फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, पुराने आपराधिक मामलों में आरोपी रहे रवि खेड़ा के घर पर दो अज्ञात युवक दरवाजा खटखटाकर घुसे और उस पर गोली चलाने की कोशिश की। इस दौरान रवि खेड़ा ने भी जवाबी फायरिंग की, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।

फायरिंग में सतपाल सिंह नामक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल टीएमएच (टाटा मुख्य अस्पताल) में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर बाइक से आए थे और घटना को अंजाम देने के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए। पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हमले का मकसद क्या था, लेकिन पुलिस इसे आपसी रंजिश और पुराने विवाद से जोड़कर देख रही है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि इलाके में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस गश्त कमजोर होने के कारण अपराधी बेखौफ हो गए हैं। वहीं, पुलिस सूत्रों के अनुसार, रवि खेड़ा का अतीत कई आपराधिक मामलों से जुड़ा रहा है और हाल के दिनों में उसका कुछ स्थानीय युवकों से विवाद चल रहा था।

गोलमुरी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

Related Post