चाईबासा। सोमवार को पुलिस ने टोन्टो थाना क्षेत्र में एयरटेल टावर से बैटरी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की गई 24 बैटरियां और एक पिकअप वाहन (संख्या BR01GN 1123) बरामद की गई है। तीनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टोन्टो थाना क्षेत्र के रुतागुटू गांव स्थित नवनिर्मित एयरटेल टावर का ताला तोड़कर कुछ चोर बैटरी चोरी कर पिकअप वाहन से भाग निकले हैं। सूचना मिलते ही चाईबासा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (जगन्नाथपुर) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने अगले दिन यानी 12 अक्टूबर की शाम सेरेंगसिया घाटी के पास एन्टी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए पिकअप वाहन को रोक लिया और उसमें सवार तीनों चोरों को धर-दबोचा। तलाशी में वाहन से चोरी की गई सभी 24 बैटरियां बरामद कर ली गईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार झा (40 वर्ष) निवासी रोसड़ा, जिला समस्तीपुर; चितरंजन कुमार (28 वर्ष) निवासी शाहजहांपुर, थाना विक्रम, जिला पटना; और शत्रुघ्न पासवान (21 वर्ष) निवासी जगदीशपुर तियारी, थाना नूरसराय, जिला नालंदा (बिहार) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि चोरी में इस्तेमाल पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस सफल अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफाएल मुर्मू (जगन्नाथपुर) के नेतृत्व में टोन्टो थाना प्रभारी सुकुमार हेम्ब्रम, गुवा थाना प्रभारी नितीश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजीन रंजन मिश्रा, रणधीर कुमार, सहायक अवर निरीक्षक बसंत कुमार प्रधान, हवलदार अशोक झा, तथा आरक्षी ललित केरोबिन बाड़ा और रतिया उरांव शामिल थे।
सोमवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफाएल मुर्मू ने इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक बड़ी सफलता बताया है।

