Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

कदमा पुलिस ने भानू मांझी गिरोह का सदस्य मनीष सिंह लोडेड पिस्टल के साथ गिरफ्तार

जमशेदपुर। कदमा पुलिस को सोमवार रात एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब कदमा उलियान टीओपी मैदान से कुख्यात भानू मांझी गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान मनीष सिंह (20) के रूप में हुई है, जो कदमा भाटिया बस्ती का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी लोडेड सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां बरामद की हैं।

इस संबंध में मंगलवार को एसएसपी पीयूष पांडेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मनीष सिंह भानू मांझी गिरोह का सक्रिय सदस्य है। यह गिरोह शहर के विभिन्न इलाकों में हथियार के बल पर लोगों को डरा-धमकाकर रंगदारी वसूलने का काम करता है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मनीष सिंह किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में उलियान टीओपी मैदान में हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना के आधार पर कदमा थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।

एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तारी 6 अक्टूबर की रात हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कई अहम जानकारियां दी हैं, जिनके आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। फिलहाल मनीष सिंह को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Related Post