झारखंड की राजनीतिक स्थिति व संगठनात्मक मजबूती को लेकर हुई चर्चा
झारखंड: भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना, लद्दाख तथा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रभारी श्री तरुण चुग से दिल्ली स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर काले ने उन्हें श्री हरमंदिर साहिब (अमृतसर साहिब) का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच झारखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीतियों को लेकर विस्तृत व सार्थक चर्चा हुई। श्री तरुण चुग ने राज्य में संगठन को और अधिक प्रभावशाली एवं जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। साथ ही, कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊँचा रखने और जनता से सीधे संवाद बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि जनसेवा और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँच सुनिश्चित करना है। इसके लिए संगठित प्रयास और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
श्री काले ने संगठन को दिशा देने और झारखंड के लिए निरंतर सहयोग के लिए श्री चुग का आभार व्यक्त किया।

