Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

लिव-इन रिलेशन में रह रहे युवक ने की आत्महत्या, परिजनों ने प्रेमिका पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र के टीचर्स कॉलोनी में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 24 वर्षीय अभिषेक शर्मा के रूप में हुई है। वह पिछले एक वर्ष से एक विवाहित महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। महिला के दो बच्चे हैं और वह पति से अलग रह रही थी।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह अभिषेक का शव उसकी प्रेमिका के घर में फंदे से लटका मिला। प्रेमिका ने जब यह दृश्य देखा तो घबराकर तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में अभिषेक को एमजीएम अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों ने हंगामा किया। गुस्से में उन्होंने प्रेमिका पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद होमगार्ड जवानों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और महिला को सुरक्षित रूप से एमजीएम थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

अभिषेक के परिजनों का आरोप है कि प्रेमिका पिछले कई महीनों से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। बताया गया कि छह महीने पहले अभिषेक ने महिला को किराये के फ्लैट में रखा था, जहां दोनों साथ रह रहे थे। परिजनों के अनुसार, रविवार की रात दोनों साथ थे, लेकिन सुबह सूचना मिली कि अभिषेक ने आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस प्रेमिका से पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

Related Post