Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

कदमा में सोशल मीडिया लाइव पर महिला ने की आत्महत्या, पति हिरासत में

जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के फॉर्म एरिया के क्वार्टर नंबर 16/19 में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक घटना हुई, जब 28 वर्षीय मालती कुमारी ने सोशल मीडिया (फेसबुक) पर लाइव आते हुए खुदकुशी कर ली। घटना के समय महिला घर पर अकेली थी, क्योंकि उसके पति ड्यूटी पर गए थे और दोनों बच्चे स्कूल में थे।

जानकारी के अनुसार, महिला ने कमरे में लगे पंखे में अपनी चुन्नी से फांसी लगाई। लाइव वीडियो में मालती ने अपने पति सहदेव यादव को आपसी विवाद और रोज़ाना की प्रताड़ना का दोषी ठहराया। परिजनों ने तुरंत महिला को टीएमएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मालती की शादी 2013 में सहदेव यादव से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। पति टाटा स्टील में ठेका कर्मी हैं। महिला मूल रूप से गिरीडीह की रहने वाली थी, जबकि ससुराल कोडरमा में है, परंतु वह कदमा में अपने पति और बच्चों के साथ रहती थी।

सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो के आधार पर कदमा थाना पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना ने परिवार और स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है।

Related Post