जमशेदपुर 23 सितंबर
कोल्हान के विभिन्न बाजारों में इन दिनों छोटे मूल्य के नोट (₹10, ₹20, ₹50) एवं सिक्कों (₹1, ₹2, ₹5, ₹10) की भारी कमी देखी जा रही है, जिससे व्यापारियों एवं आम जनता को दैनिक लेन-देन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।इस सन्दर्भ में कैट के संयुक्त राष्ट्रीय महामंत्री सुरेश सोंथालिया ने रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया के महाप्रब्धक झारखंड को पत्र लिखकर आग्रह किया कि
त्योहारी सीजन जैसे दुर्गा पूजा, दिवाली, छठ आदि निकट हैं, जिनमें बाजारों में भारी खरीददारी होती है। ऐसे समय में छोटे नोट और सिक्कों की कमी व्यापारिक गतिविधियों को बाधित कर रही है। ग्राहक और दुकानदार दोनों ही खुल्ले पैसे न होने के कारण परेशान हो रहे हैं, जिससे लेन-देन में विवाद की स्थिति तक उत्पन्न हो रही है।
सोंथालिया ने बताया कि भारतीय रिज़र्व बैंक राज्य के सभी बैंकों को निर्देशित करे कि वे छोटे नोटों और सिक्कों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा बाज़ारो में विशेष शिविरों के माध्यम से व्यापारियों और आम जनता को छोटे नोट एवं सिक्के वितरित करें और विषय की गंभीरता को समझते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेंगे | इसकी प्रतिलिपि उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम को भी भेजी गई है ।

