Breaking
Wed. Aug 26th, 2026

पटमदा में बालू लदे हाइवा की चपेट में आकर युवक की दर्दनाक मौत, सड़क जाम कर लोगों ने जताया आक्रोश

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत जलडहर पेट्रोल पंप के पास सोमवार सुबह करीब सवा सात बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान लावा पंचायत के कियाबोहाल गांव निवासी 30 वर्षीय गंगासागर टुडू के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने टाटा–पटमदा मुख्य सड़क को जाम कर दिया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बालू लदे हाइवा अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से इस मार्ग पर दौड़ते हैं। स्पीड ब्रेकर नहीं होने की वजह से यहां बार-बार हादसे हो रहे हैं। इसी क्रम में रांगामाटी से आ रहा अनियंत्रित हाइवा गलत दिशा में घुस गया और बाइक सवार गंगासागर टुडू को कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गंगासागर मजदूरी करने जमशेदपुर जा रहे थे और उन्होंने हेलमेट भी पहन रखा था, बावजूद इसके टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत, बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग और मुखिया कानूराम बेसरा मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता शुरू की। पुलिस ने हाइवा चालक को हिरासत में ले लिया है। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सड़क पर स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।

Related Post