Breaking
Mon. Apr 20th, 2026

चाईबासा में दिनदहाड़े 5 लाख की लूट, पेट्रोल पंप कर्मचारी घायल

चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। गांधी मैदान स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के बाहर बाइक सवार तीन अपराधियों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों पर हमला कर 5 लाख रुपये लूट लिए। इस घटना में एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। आईबीपी पेट्रोल पंप के मालिक पुनित सेठिया के कर्मचारी विमलेश कुमार और संजय नंदी 5 लाख रुपये बैंक में जमा करने पहुंचे थे। जैसे ही वे बैंक गेट तक पहुंचे, वहां घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। अपराधियों ने रिवॉल्वर की बट से प्रहार कर विमलेश को घायल कर दिया और पिस्तौल की नोक पर पैसों से भरा बैग लूट लिया।

बैंक और बाजार के आसपास भारी भीड़ होने के बावजूद किसी ने अपराधियों को पकड़ने का साहस नहीं किया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी तरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल कर्मचारी को सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की तलाश तेज कर दी है।

Related Post