Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

जमशेदपुर में टेम्पू चोरी के संगठित गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, सात टेम्पू समेत भारी मात्रा में सामान बरामद

जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही टेम्पू चोरी की घटनाओं के आलोक में वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस संबंध में कदमा थाना कांड संख्या 75/2025, दिनांक 19 अगस्त 2025 को धारा 303 (2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वादी मोहम्मद फरीद द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया, जिसमें अज्ञात चोर द्वारा टेम्पू चोरी करने की बात कही गई थी।

बुधवार को सीटी एसपी ने संवाददाता सम्मेलन कर बताया कि कांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस उपाधीक्षक नगर-2 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने पेशेवर तरीके से काम करते हुए गुप्त सूचना संकलन की और विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। इसी क्रम में दिनांक 20 अगस्त 2025 को कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत गौसनगर निवासी रईस अंसारी के घर पर छापेमारी की गई, जहाँ से एक टेम्पू, विभिन्न गाड़ियों की नंबर प्लेट, इंजन पार्ट्स, कटिंग मशीन, टेम्पू का हुड तथा अन्य टूटे-फूटे पुर्जे बरामद किए गए।

इसके बाद दिनांक 26 अगस्त 2025 को रईस अंसारी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए तीन और टेम्पू बरामद किए गए। आगे की छानबीन में टेम्पू चोरी में शामिल दो और चोरों को चोरी के टेम्पू के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि चोरी किए गए टेम्पू रईस को सौंप दिए जाते थे, जो टेम्पू के इंजन पार्ट्स को बदल देता था, रंग करवाकर नया रूप देता था और फिर डुप्लीकेट आरसी व नकली नंबर प्लेट तैयार कर उन्हें 70 से 80 हजार रुपये में बेच देता था।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल सात टेम्पू, सोलह नंबर प्लेट, दो आरसी कार्ड, गियर चैंबर, जैक, ब्लॉक, ब्रेक ड्रम, हेड, पेनियन, पाना, कटर, एक्सेल, ड्रिल मशीन, खुला हुआ इंजन एवं कई अन्य उपकरण बरामद किए। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में दर्ज विभिन्न टेम्पू चोरी के मामलों का सफल उद्भेदन हुआ है।

गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद रईस (उम्र 40 वर्ष, पिता स्व. मोहम्मद सुलेमान, निवासी 84 गौसनगर, कपाली), सौकत अली (उम्र 27 वर्ष, पिता परवेज़ खान, निवासी इस्लामनगर, चांदनी चौक, कपाली) और मोहम्मद असगर उर्फ लारिया (पिता मोहम्मद साबिर अंसारी, निवासी ग्रीन वैली, आज़ादनगर) शामिल हैं। तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है और इन पर पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

छापेमारी दल का नेतृत्व पु०नि० सह थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने किया, जिसमें पुअनि पिंकू कुमार, पुअनि अंकु कुमार, पुअनि दीपक कुमार महतो, पुअनि मंटू कुमार, पुअनि अमित कुमार (साकची थाना), पुअनि रामदेव रविदास, सअनि ललन कुमार दास, आरक्षी भीम कुमार एवं कार्तिक ओरांव शामिल थे।

Related Post