Breaking
Sun. May 10th, 2026

धनबाद में बकरीद को लेकर सुरक्षा तगड़ी, पुलिस ने मॉक ड्रिल कर दिखाया एक्शन प्लान

धनबाद: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से धनबाद पुलिस द्वारा शुक्रवार को पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल का नेतृत्व एसएसपी प्रभात कुमार ने किया। आयोजन में सिटी एसपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

ड्रिल के दौरान त्योहार के समय संभावित उपद्रव की स्थिति का सजीव अभ्यास किया गया। कुछ पुलिसकर्मियों ने उपद्रवियों की भूमिका निभाई, जबकि अन्य बलों ने लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रदर्शन किया। इस अभ्यास में घायल ‘उपद्रवियों’ को प्राथमिक उपचार देकर एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजने की प्रक्रिया को भी दर्शाया गया।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह चौकस और सतर्क है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट पर रखा गया है, और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

उन्होंने आगे बताया कि जवानों को अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों जैसे हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, लाठी व अन्य संसाधनों से लैस किया गया है। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस बल की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और संसाधनों की प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया गया।

धनबाद पुलिस की यह पहल न केवल प्रशासनिक तैयारी को दर्शाती है, बल्कि आम जनता में सुरक्षा को लेकर विश्वास भी उत्पन्न करती है। बकरीद के अवसर पर जिले में अमन-चैन बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Post