Breaking
Sun. Oct 4th, 2026

ब्रेक फेल होने से खेत में उतरी स्कूल बस, सभी छात्र सुरक्षित

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत गुगलुबनी गांव के समीप मंगलवार सुबह साउथ प्वाइंट स्कूल की बच्चों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हालांकि चालक की सतर्कता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया तथा बस में सवार सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित रहे।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े छह बजे स्कूल बस पश्चिम बंगाल के बराबाजार से छात्रों को लेकर रसिकनगर, गुगलुबनी, लावजोड़ा और भूला मोड़ होते हुए पटमदा के गोबरघुसी स्थित साउथ प्वाइंट स्कूल जा रही थी। इसी दौरान गुगलुबनी गांव के पास अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया। वाहन पर नियंत्रण खोने के बाद बस सड़क से नीचे उतरकर पास के खेत में जा घुसी।

घटना के समय बस में सवार बच्चों और आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और स्थिति का जायजा लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक ने घबराने के बजाय समझदारी से बस को संभालते हुए उसे पलटने नहीं दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। इस दुर्घटना में किसी भी छात्र, चालक या अन्य व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई। घटना के बाद अभिभावकों ने राहत की सांस ली।

Related Post