Breaking
Sun. Oct 25th, 2026

आवासीय बस्ती में शराब दुकान खोलने के विरोध में डीसी को सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर: जुगसलाई के एमई स्कूल रोड से महाकालेश्वर शिव घाट जाने वाले मार्ग पर स्थित विंध्यवासिनी आवासीय कॉलोनी और आसपास के लोगों ने नई सरकारी विदेशी शराब दुकान का विरोध तेज कर दिया है। मंगलवार को स्थानीय निवासियों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर दुकान को तत्काल बंद करने या किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की। ज्ञापन की प्रतिलिपि वरीय पुलिस अधीक्षक और धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी को भी भेजी गई।

लोगों का कहना है कि यह मार्ग जुगसलाई, बागबेड़ा और बड़ौदाघाट क्षेत्र के हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है, जहां दिनभर महिलाओं और बच्चों की आवाजाही रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब दुकान के 100 मीटर के दायरे में मां विंध्यवासिनी मंदिर, सीतेश्वर महादेव मंदिर, सेंट जॉन्स स्कूल और एक कोचिंग संस्थान स्थित हैं, जिससे सरकार की निर्धारित नीति का उल्लंघन हो रहा है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल बिगड़ेगा और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उपायुक्त ने मामले की जांच कर शीघ्र उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।

Related Post