धनबाद: बकरीद के मौके पर जिले में शांति और भाईचारा बनाए रखने के लिए धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने सख्त संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, खासकर व्हाट्सऐप पर कोई भी भ्रामक, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक संदेश न भेजें और न ही फॉरवर्ड करें।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा, “कोई भी व्यक्ति अगर किसी तरह का भड़काऊ, अफवाह फैलाने वाला या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने ग्रुप एडमिन को भी आगाह किया कि यदि किसी ग्रुप में ऐसा कोई संदेश वायरल होता है और एडमिन उसे रोकने में विफल रहता है, तो उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए साइबर सेल को विशेष निगरानी का निर्देश दिया गया है। सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नजर रखी जा रही है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने नागरिकों से अपील की कि वे बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में मनाएं। अफवाह या नफरत फैलाने वाली बातों से दूर रहें और प्रशासन को सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कोई भी संदिग्ध या भ्रामक संदेश मिले तो तुरंत नजदीकी थाना या कंट्रोल रूम को सूचित करें।
पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर सोच-समझकर पोस्ट करें।

