Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

हजारीबाग पुलिस ने सुलझाई NTPC के डीजीएम कुमार गौरव हत्याकांड की गुत्थी, 4 आरोपी गिरफ्तार*

रांची :* हजारीबाग पुलिस ने एनटीपीसी के डिप्टी जनरल मैनेजर (डीजीएम) कुमार गौरव की हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। इसके तहत चार आरोपियों मिंटू कुमार, राहुल मुंडा, मनोज माली और अजय यादव को गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि 8 मार्च की सुबह करीब 9:30 बजे, कटकमदाग थाना क्षेत्र के फतेह चौक पर अज्ञात बंदूकधारियों ने कुमार गौरव को सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद से पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया था।

*आरोपियों की भूमिका*

हजारीबाग रेंज के डीआईजी संजीव कुमार के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में मिंटू कुमार ने गोली चलाई थी, राहुल मुंडा मोटरसाइकिल चालक था, मनोज माली ने रेकी की थी, जबकि अजय यादव ने हथियार मुहैया कराया था। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है। इस हत्याकांड के पीछे “अमन साहू गिरोह” का संलिप्त होना बताया गया है। डीआईजी के मुताबिक, इस गिरोह का मकसद इलाके में दहशत फैलाना और एनटीपीसी, बीजीआर, ऋत्विक व त्रिवेणी सैनिक जैसी कंपनियों में भय का माहौल बनाना था। कुमार गौरव को जानबूझकर “सॉफ्ट टारगेट” चुना गया था।

*तकनीकी सहायता और जांच*

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह पहले 7 मार्च को हमला करने की योजना बना चुका था, लेकिन 8 मार्च को सफल रहा। इस मामले में 11 अधिकारियों और टेक्निकल सेल की टीम लगाई गई थी। सीडीपीओ अमित कुमार के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने छापेमारी करते हुए आरोपियों को पकड़ा।

*आरोपियों का रिकॉर्ड*

गिरफ्तार आरोपियों में मिंटू कुमार (लोहार मुहल्ला, बड़का गांव), राहुल मुंडा (नापोखुर्द, बड़का गांव), मनोज माली (केरेडारी) और अजय यादव (इटखोरी, चतरा) शामिल हैं। अजय के पिता स्वर्गीय ताहिल यादव थे, जबकि उसके भाई अशोक यादव पर पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

*पुलिस की चेतावनी*

डीआईजी संजीव कुमार ने स्पष्ट किया कि पुलिस क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर गंभीर है। किसी भी आतंकी या अपराधी गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, स्थानीय युवाओं को मासिक राशि देकर गिरोह द्वारा प्रशिक्षित करने की भी जानकारी सामने आई है।

Related Post