हजारीबाग। इचाक थाना क्षेत्र के इचाक मोड़ के समीप सोमवार रात हुए सड़क हादसे में होली क्रॉस स्कूल की शिक्षिका सोनाली लता की मौत हो गई। हादसा रात करीब नौ बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सोनाली लता अपने पुरुष मित्र लकी के साथ स्कूटी से इचाक की ओर से हजारीबाग लौट रही थीं। इसी दौरान उनकी स्कूटी एक ट्रेलर की चपेट में आ गई। दुर्घटना में सोनाली लता गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही इचाक पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और ट्रेलर का पीछा करते हुए कोर्रा थाना क्षेत्र में चालक को पकड़ लिया। दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को नगवां टोल प्लाजा के पास खड़ा कराया गया है। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रेलर और उसके चालक को पकड़ लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी है।
बताया गया कि सोनाली लता मूल रूप से धनबाद की रहने वाली थीं। वह हजारीबाग में किराए के मकान में रहकर होली क्रॉस स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद उनके परिचितों और स्कूल से जुड़े लोगों में शोक की लहर है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

