Breaking
Mon. Oct 12th, 2026

माइंस में सैनिक वाहन की चपेट में आने से सुपरवाइजर की मौत, हजारीबाग ले जाने के दौरान तोड़ा दम

हजारीबाग। एनएमएल पकरी बरवाडीह बड़कागांव कोयला परियोजना के त्रिवेणी सैनिक माइंस के मिड स्केल सेक्टर-2 में मंगलवार को हुए हादसे में एक सुपरवाइजर की मौत हो गई। मृतक की पहचान करीब 35 वर्षीय विभूति साहू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले थे और माइंस क्षेत्र में सपरिवार रहते थे। हादसे के बाद माइंस परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार विभूति साहू मिड स्केल सेक्टर-2 में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार को वह नियमित कार्य के सिलसिले में माइंस क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान एक सैनिक वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

घायल विभूति साहू की स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें हजारीबाग रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें हजारीबाग ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। वहीं माइंस में कार्यरत सहकर्मियों के बीच भी शोक का माहौल है।

हादसे की सूचना के बाद संबंधित स्तर पर घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Post