सिमडेगा। जलडेगा थाना क्षेत्र में शादी से इंकार करने से नाराज एक व्यक्ति ने 27 वर्षीय महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल लुगुन (38) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 20 सितंबर को जलडेगा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर जलडेगा थाना कांड संख्या 55/26 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 118(1), 109 और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी में बानो थाना क्षेत्र के बुखलुला महतो टोली निवासी अनिल लुगुन को आरोपी बनाया गया है।
बताया गया कि आरोपी और पीड़िता के बीच पहले शादी तय हुई थी और दोनों का लोटा-पानी भी हो चुका था। बाद में पीड़िता को आरोपी के किसी दूसरी महिला से संबंध होने का संदेह हुआ, जिसके बाद उसने उससे शादी करने से इंकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
20 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे आरोपी पीड़िता के घर पहुंचा और उस पर शादी के लिए दबाव बनाने लगा। पीड़िता के शादी से इंकार करने पर आरोपी कथित रूप से आक्रोशित हो गया और धारदार कुल्हाड़ी से उसके सिर पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित छापामारी दल ने कार्रवाई करते हुए 21 सितंबर को आरोपी अनिल लुगुन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

