Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

पटमदा क्षेत्र में बाघ की दस्तक से मचा हड़कंप, वन विभाग ने जारी की सतर्कता

जमशेदपुर।पटमदा प्रखंड के बाटालुका से पश्चिम बंगाल, बूढ़ाबूढ़ी पहाड़ और घाटशिला क्षेत्र तक भ्रमण करने वाला बाघ फिर से पटमदा क्षेत्र में लौट आया है। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक बाघ को गोबरघुसी पंचायत के कुकड़ू एवं अपो गांव के पास देखा गया। बाघ के पंजे के निशान और उसकी दहाड़ सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।

 

खरगोश का शिकार करने और लकड़ी लाने के लिए जंगल जाने वाले ग्रामीण सबसे अधिक भयभीत हैं। बाघ को नजदीक से देखने वाले वृकोदर सबर और अजीत सिंह ने सबसे पहले इस बारे में ग्रामीणों को बताया और फिर वन विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों ने पंजे के निशान का निरीक्षण करने के बाद सभी को सतर्क रहने की सलाह दी है।

 

वन विभाग की ओर से पलामू जोन से विशेष टीम को बुलाकर स्थानीय वन कर्मचारियों के साथ क्षेत्र का मुआयना किया गया। पंजे के निशान और अन्य संकेतों से क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी की पुष्टि की गई है। बाघ को पकड़ने के लिए जगह-जगह कैमरे लगाए जा रहे हैं।

 

वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क करते हुए जंगल में न जाने और रात में बाहर निकलने से बचने की अपील की है। विभाग ने बताया कि जल्द ही बाघ को सुरक्षित पकड़ा जाएगा ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related Post