Breaking
Wed. Mar 18th, 2026

पश्चिम सिंहभूम के छोटानागरा पंचायत में पेयजल संकट, ग्रामीणों ने पंप हाउस में लगाया ताला ..!

चाईबासा-:पश्चिम सिंहभूम जिले के छोटानागरा पंचायत के गांवों में पिछले लगभग एक महीने से पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। इससे नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को जोजोगुटू गांव स्थित इंटेकवेल पंप हाउस में ताला जड़ दिया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व मुखिया मुन्नी देवगम और मुंडा कानुराम देवगम कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं होती है, तो ग्रामीण मनोहरपुर-छोटानागरा-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग को अनिश्चितकाल के लिए जाम करेंगे।

मुखिया मुन्नी देवगम, मानकी लागुड़ा देवगम, जोजोगुटू मुंडा कानुराम देवगम, छोटानागरा मुंडा बिनोद बारिक और जामकुंडिया मुंडा कुशो देवगम ने कहा कि छोटानागरा पंचायत के ग्रामीण वर्षों से प्रदूषित नदी और प्राकृतिक जल स्रोतों का लाल पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे वे विभिन्न बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। खदानों से बहकर आने वाले लाल पानी, मिट्टी और लौहचूर्ण ने इन जल स्रोतों को पूरी तरह से प्रदूषित कर दिया है।

डीएमएफटी फंड से बाईहातु गांव में आसन्न जलापूर्ति योजना के तहत जलमीनार, फिल्टर प्लांट और जोजोगुटू गांव के बगल से बहने वाली कोयना नदी में इंटेक वेल और पंप/मोटर हाउस बनाया गया था। इस योजना के तहत बाईहातु गांव से छोटानागरा पंचायत के दस गांवों में पाइपलाइन बिछाकर घर-घर नल कनेक्शन देने की योजना थी। हालांकि, एक महीने से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से बंद है, और पाइपलाइन भी नहीं पहुंची है। पानी सप्लाई करने वाले ठेकेदार और कर्मचारी विभिन्न समस्याओं का हवाला देकर पानी की आपूर्ति नहीं कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में आयोजित सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में मनोहरपुर के बीडीओ शक्तिकुंज से समस्या का समाधान करने के लिए कहा गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने पीएचईडी विभाग से दो दिन के भीतर समस्या का समाधान करने की मांग की है, वरना वे मुख्य मार्ग को अनिश्चितकाल के लिए जाम करेंगे।

Related Post