Breaking
Fri. Feb 6th, 2026

jamshedpur news:भाजपा का स्थापना दिवस मंगलवार को, पीएम मोदी समेत जेपी नड्डा करेंगे सम्बोधित।

■ भाजपा महानगर ने की विशेष तैयारी, बड़े एलईडी स्क्रीन पर होगा संबोधन का लाइव प्रसारण।

जमशेदपुर। भाजपा के 41 वें स्थापना दिवस को विशेष बनाने हेतु भाजपा जमशेदपुर महानगर ने कार्यक्रम संबंधी सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया है। सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन यादव ने स्थापना दिवस के सफलता के मद्देनजर जिला पदाधिकारी एवं मोर्चा अध्यक्षों की बैठक ली। बैठक में कार्यक्रम की सफलता हेतु सभी पहलुओं पर विचार विमर्श किया गया। इस संबंध में महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने बताया कि पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और कार्यकर्ताओं को भविष्य की योजनाओं के बारे में अपना संदेश देंगे। भाजपा जमशेदपुर ने कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की तैयारी जिला स्तर पर की है। सुबह 10 बजे साकची स्थित बंगाल क्लब में संबोधन का प्रसारण बड़े एलईडी स्क्रीन पर किया जाएगा। जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी समेत वरीय नेतागण व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान महानगर के सभी पूर्व जिलाध्यक्ष को उनके संघर्ष एवं योगदान हेतु सम्मानित कर आभार प्रकट किया जाएगा।

पार्टी के जिला प्रवक्ता प्रेम झा ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार स्थापना दिवस के दिन भाजपा कार्यकर्ता अपने आवास पर पार्टी का ध्वज लगाएंगे। साथ ही, महानगर अंतर्गत सभी मंडलों में मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा एवं मंडल स्तर पर पार्टी के स्थापना दिवस को धूमधाम से मनाने की तैयारी की गई है।

Related Post