जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित चिन्मय विद्यालय साउथ पार्क में शनिवार को 22वां वार्षिक पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित इस समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में एनएमएल के वैज्ञानिक डॉ अतनु दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष, सचिव, प्रधानाचार्य और उप प्रधानाचार्या समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह का मुख्य आकर्षण कृष्ण लीला पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों और लीलाओं को जीवंत रूप में मंच पर उतारा। इसके साथ ही शैक्षणिक और पाठ्येतर गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों को भी सम्मान दिया गया।
विद्यालय की ओर से नर्सरी से नौवीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को उनकी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। सर्वश्रेष्ठ छात्र प्रशासक, सर्वश्रेष्ठ मॉनिटर, सर्वगुण संपन्न विद्यार्थी, उल्लेखनीय दृढ़ता, उत्कृष्ट उपस्थिति और कला के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं, बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम दिलाने में योगदान देने वाले शिक्षकों को व्यासा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और वर्षभर की उपलब्धियों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि डॉ अतनु दास ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और आयोजन की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्या, समन्वयकों, गतिविधि प्रभारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और गैर शिक्षकेतर कर्मचारियों का योगदान रहा। यह जानकारी विद्यालय की मीडिया प्रभारी देवी प्रसाद ने दी।

