Breaking
Tue. Oct 6th, 2026

*श्रद्धांजलि सभा की तैयारी को लेकर सांसद जोबा माझी ने गोइलकेरा में की बैठक*

चाईबासा: शहीद देवेंद्र माझी की 32वीं पुण्यतिथि पर 14 अक्टूबर को गोइलकेरा हाट मैदान में आयोजित होने वाली श्रद्धांजलि सभा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को आदिवासी कला संस्कृति भवन में झामुमो कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य रूप से शामिल हुईं। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई और कार्यकर्ताओं के बीच विभिन्न जिम्मेदारियां बांटी गईं।

सांसद जोबा माझी ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ एकजुटता और अनुशासन के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहीद देवेंद्र माझी आदर्श रहे हैं। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचार और सिद्धांत आज भी समाज को दिशा देने का काम करते हैं। ऐसे में उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को सफल बनाना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम के दौरान प्रोटोकॉल का विशेष ध्यान रखने को कहा। अतिथियों के स्वागत से लेकर सभा स्थल की व्यवस्था तक सभी कार्यों को बेहतर समन्वय के साथ पूरा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में बताया गया कि श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके अलावा राज्य सरकार के मंत्री और कई विधायक भी कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। इसे देखते हुए कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की तैयारियों में विशेष जिम्मेदारी के साथ जुटने को कहा गया।

बैठक में जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, प्रखंड अध्यक्ष गणेश बोदरा, सचिव अघना कंडुलना, मुखिया उदय चेरेवा, महिला मोर्चा की सुखमती बानरा, आनंदपुर प्रखंड अध्यक्ष सिलबीरयुस तिर्की, हरीश बोदरा, कांडे बरजो, मरियम चेरेवा, रानी लागुरी, सिकंदर जोंको, शिवा नायक, दिनेश नायक और रविंद्र सरदार समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Post